देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के बाद कांग्रेस गुरुवार, 26 नवंबर को देहरादून में लोकभवन कूच करेगी। इस पैदल मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस का उद्देश्य राज्यपाल के माध्यम से प्रदेश सरकार को भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों पर जवाबदेह बनाना है।

कांग्रेस की ओर से 10 नवंबर से 23 नवंबर तक प्रदेशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इस अभियान के तहत जिला, ब्लॉक, महानगर और विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के माध्यम से लोगों से हस्ताक्षर कराए गए। पार्टी के अनुसार, प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में हस्ताक्षरित बैनर, पोस्टर और दस्तावेज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंच चुके हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि पार्टी ने इन दस्तावेजों को एकत्रित कर लोकभवन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होने वाला पैदल मार्च लोकभवन पहुंचेगा, जहां राज्यपाल को हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पोस्टरों की पोटली सौंपी जाएगी। इसके माध्यम से पार्टी प्रदेश में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार से जवाब मांगने के साथ कार्रवाई की मांग भी करेगी।

संविधान दिवस पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

कांग्रेस ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर यह प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। पार्टी का आरोप है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन सरकार की ओर से उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कांग्रेस ने इसे संविधान की मूल भावना और जवाबदेही से जुड़ा मुद्दा बताया है।

पार्टी नेताओं के अनुसार, इस अभियान के जरिए जनता की नाराजगी को राज्यपाल तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। लोकभवन कूच को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर के जिला और महानगर संगठनों को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।