देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति को धार देने के लिए पार्टी ने देहरादून के बलबीर रोड स्थित अपने प्रदेश मुख्यालय को वॉर रूम में तब्दील कर दिया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधिवत पूजा-पाठ के साथ चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया जाएगा।
भाजपा की योजना है कि आगामी तीन महीनों तक प्रदेश में होने वाली चुनाव संबंधी गतिविधियों का संचालन इसी मुख्यालय से किया जाए। पार्टी मुख्यालय में इसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यालय की रंगाई-पुताई के साथ पुराने पोस्टर और बैनर हटाकर सरकार की उपलब्धियों और भविष्य के लक्ष्यों से जुड़े नए फ्लेक्स लगाए गए हैं।
चुनाव प्रबंधन को व्यवस्थित बनाने के लिए मुख्यालय में अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां वॉर रूम, प्रबंधन समिति और लीगल सेल के लिए अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन टीमों के माध्यम से कानूनी मामलों, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी अभियानों की निगरानी की जाएगी। पार्टी का उद्देश्य विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना और चुनावी गतिविधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
इसके अलावा पिछले चुनावों के दौरान कार्यालय में होने वाली भीड़ और पार्किंग की समस्या को देखते हुए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुख्यालय के पीछे स्थित अतिरिक्त परिसर में करीब 100 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए इंडिकेटर और कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है।
सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाएगी भाजपा
भाजपा की ओर से जारी होने वाले पांच साल के रिपोर्ट कार्ड में सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों, रोजगार, बुनियादी ढांचे, पर्यटन, महिला सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख होगा। पार्टी इन उपलब्धियों को संगठन के माध्यम से प्रदेशभर में जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, भाजपा धामी सरकार के कार्यों को आधार बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव में बड़े अंतर से तीसरी जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ जनता के बीच जाएगी।
