News : शेयर बाजार में कम वक्त में बड़ा लाभ कमाने की ललक लोगों को साइबर ठगों के जाल में फंसा रही है। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 के बीच निवेश के नाम पर 52.38 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई।
इस अवधि में जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान 27.54 करोड़ रुपये की ठगी दर्ज की गई, जबकि वर्ष 2025 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 16.58 करोड़ रुपये था। साल 2025 में निवेश से जुड़ी ठगी कुल 25.04 करोड़ रुपये रही।
एक साल में इस तरह की साइबर ठगी में लगभग 65 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, फर्जी आईपीओ और स्टॉक ट्रेडिंग के नाम पर 16.59 करोड़ रुपये उड़ाए गए।
क्रिप्टोकरेंसी और विदेशी शेयर बाजार (फॉरेक्स) के नाम पर 5.32 करोड़, रकम दोगुना करने का झांसा देकर 4.68 करोड़ तथा जाली कंपनी स्कीम्स के जरिए 3.31 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने 22 अप्रैल 2024 को जारी एडवाइजरी में फर्जी निवेश समूहों, डीपफेक विज्ञापनों, नकली ऐप्स और म्यूल बैंक खातों के उपयोग को लेकर आगाह किया था।
वहीं, सेबी (SEBI) ने 23 नवंबर 2026 की ताजा चेतावनी में स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधी पंजीकृत ब्रोकरों की पहचान, सेबी पोर्टल के स्क्रीनशॉट, फर्जी लेटरहेड और मुहरों का इस्तेमाल कर निवेशकों को गुमराह कर रहे हैं।
News : नौ चरणों में तैयार करते हैं ठगी की बिसात
साइबर जालसाजों की कार्यप्रणाली बेहद सुनियोजित होती है। सबसे पहले वे फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर शेयर बाजार में भारी मुनाफे के विज्ञापन चलाते हैं।
कई बार जाने-माने उद्योगपतियों, वित्तीय सलाहकारों और मशहूर हस्तियों की तस्वीरों या डीपफेक वीडियो का सहारा लेकर निवेश स्कीम को विश्वसनीय दिखाने की कोशिश की जाती है।
इन विज्ञापनों पर क्लिक करने वाले यूजर्स को वॉट्सएप या टेलीग्राम के निजी ग्रुप्स में जोड़ा जाता है, जहां कुछ लोग लगातार अपने लाभ के स्क्रीनशॉट और बैंक खातों में रकम आने के नकली प्रमाण डालते हैं।
इसके बाद निवेशक को वीआईपी ट्रेडिंग ग्रुप, इंस्टीट्यूशनल ट्रेडिंग अकाउंट या खास आईपीओ आवंटन का लालच देकर नकली ट्रेडिंग ऐप इंस्टॉल करवाया जाता है।
शुरुआत में थोड़ी राशि निवेश करने पर ऐप में मुनाफा दिखाई देता है, लेकिन पैसे निकालने की कोशिश करने पर टैक्स, अकाउंट वेरिफिकेशन, प्रोसेसिंग चार्ज या सिक्योरिटी मनी के नाम पर और पैसे मांगे जाते हैं। भुगतान न करने पर खाता बंद कर दिया जाता है और ठग संपर्क खत्म कर लेते हैं।
News : प्ले स्टोर पर मौजूदगी भी असली होने का प्रमाण नहीं
किसी भी ट्रेडिंग ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसका नाम, डेवलपर और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट की जांच करना आवश्यक है। ऐप का नाम कंपनी की अधिकृत वेबसाइट पर दिए नाम से मेल खाना चाहिए, साथ ही डेवलपर का नाम, कस्टमर केयर नंबर, ईमेल और ऑफिस का पता भी परख लेना चाहिए।
केवल गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर पर दिखने भर से किसी ऐप के असली होने की पुष्टि नहीं होती। सेबी ने निवेशकों को ऐप का वेरिफाइड बैज चेक करने और संबंधित एक्सचेंज की अधिकृत ऐप लिस्ट से मिलान करने की सलाह दी है।
किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक से एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करना बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे फोन में मालवेयर पहुंचकर निजी डेटा और बैंकिंग खातों को खतरे में डाल सकता है।
News : सेबी पंजीकरण और बैंक खाते का करें सत्यापन
निवेश करने से पूर्व यह जांचना जरूरी है कि संबंधित ब्रोकर सेबी में रजिस्टर्ड है या नहीं। इसके लिए सेबी की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण की स्थिति देखी जा सकती है, साथ ही एनएसई (NSE) और बीएसई (BSE) की वेबसाइट पर अधिकृत ब्रोकर्स व उनके मोबाइल ऐप्स की सूची भी जांचनी चाहिए।
सेबी ने अक्टूबर 2025 से पंजीकृत वित्तीय मध्यस्थों के लिए वैलिडेटेड यूपीआई हैंडल और ‘सेबी चेक’ सुविधा शुरू की है, जिससे निवेशक यूपीआई आईडी और बैंक खाते के ब्योरे की पुष्टि कर सकते हैं।
निवेश की रकम किसी अपरिचित व्यक्ति, व्यक्तिगत खाते या असंबंधित फर्म के खाते में न भेजें। वेबसाइट पर दिए नंबर के बजाय स्वतंत्र रूप से सत्यापित संपर्क विवरण से ही ब्रोकर से संपर्क करें।
News : इन संकेतों से पहचानें फर्जी ट्रेडिंग ऐप
पटना साइबर थाने की डीएसपी संगीता कुमारी के मुताबिक, पक्के या गारंटीड रिटर्न का दावा, कम समय में पैसा डबल करने का वादा, अनजान वॉट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ना, किसी तीसरे व्यक्ति के खाते में पैसे मंगवाना, निजी लिंक से ऐप डाउनलोड करवाना और निकासी के वक्त अलग से टैक्स या सिक्योरिटी फीस मांगना ठगी के बड़े संकेत हैं।
किसी भी ट्रेडिंग ऐप पर दिख रहे लाभ को असल कमाई नहीं मानना चाहिए, क्योंकि वास्तविक ट्रेडिंग में बाजार के जोखिम जुड़े होते हैं और कोई भी वैध ब्रोकर पक्के मुनाफे की गारंटी नहीं देता।
Also Read : News : शीतकाल में बाघों के हमलों से वन विभाग की चिंता बढ़ी, 32 लोगों की हो चुकी है मौत; फरवरी तक हाई अलर्ट
