Uttarakhand : राज्य के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा और कौशल का सही उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धामी सरकार शीघ्र ही ‘युवा आयोग’ गठित करने जा रही है। इस आयोग में एक अध्यक्ष सहित दो सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी। इसके गठन से जुड़ा मसौदा तैयार हो चुका है और अब इसे कैबिनेट की स्वीकृति के लिए पेश करने की तैयारी चल रही है।

यह आयोग युवाओं से संबंधित विषयों पर सरकार को सलाह देने के साथ-साथ उनके सामने मौजूद संभावनाओं को ठोस अवसरों में तब्दील करने की दिशा में कार्य करेगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर युवा आयोग बनाने का ऐलान किया था, जिसे अब अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रदेश में युवाओं की बड़ी जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए लंबे समय से एक ऐसे आधिकारिक मंच की जरूरत महसूस की जा रही थी, जो रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, स्वरोजगार और क्षमता निर्माण के मुद्दों पर एकजुट होकर काम कर सके।

दरअसल, उत्तराखंड में पर्यटन, तीर्थाटन, कृषि, बागवानी, उद्योग, आईटी और सर्विस सेक्टर में रोजगार व स्वरोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। लेकिन उचित जानकारी और मार्गदर्शन की कमी के चलते कई युवा इन अवसरों का फायदा नहीं उठा पाते हैं। ऐसे में यह आयोग काफी अहम साबित हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, युवा आयोग का कार्यक्षेत्र केवल नौकरी दिलाने तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह युवाओं के चौतरफा विकास के लिए एक सहयोगी मंच के तौर पर काम करेगा।

आयोग युवाओं की चुनौतियों, उम्मीदों और आवश्यकताओं का आकलन कर सरकार को नीतिगत सुझाव सौंपेगा। इसके अलावा, अलग-अलग विभागों द्वारा चलाई जा रही रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार की योजनाओं के बीच तालमेल बिठाने, युवाओं को व्यापार व उद्यमिता के लिए प्रेरित करने और राज्य में मौजूद अवसरों से उन्हें जोड़ने की पहल भी करेगा। युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अमित सिन्हा ने पुष्टि की है कि इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।

Also Read : News : CNN और HSBC समेत विश्व की 178 प्रतिष्ठित वेबसाइटों पर साइबर हमला, क्रिप्टोकरेंसी उड़ाने का प्रयास