हरिद्वार। बहादराबाद के शांतरशाह गांव में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड में शामिल दो संदिग्ध बदमाशों से शुक्रवार देर रात दौलतपुर के घने जंगल में पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सहारनपुर निवासी मुदस्सिर के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने के बाद घायल बदमाश को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने जंगल में सघन कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है।

बता दें कि 14 सितंबर को बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह में 26 वर्षीय बाइक मैकेनिक हैप्पी की उसकी दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, दो नकाबपोश बदमाश बाइक की दुकान पर पहुंचे और हैप्पी पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण हायर सेंटर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद दोनों आरोपी जंगल की ओर भाग गए थे। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की थीं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही थी। मामले के खुलासे में देरी को लेकर स्थानीय स्तर पर पुलिस के खिलाफ विरोध भी हुआ था।

अब एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्या की वजह, साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश और कांबिंग अभियान चला रही है।

You missed