देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में देहरादून और मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित विकास से जुड़े 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद उन्हें नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल तथा रेस्टोरेंट भवन निर्माण से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख रहे। माना जा रहा है कि इन निर्णयों से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आधुनिक शहरी सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक की शुरुआत एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसके पश्चात 114वीं बोर्ड बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई।
बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून स्थित एमडीडीए की लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट के भू-उपयोग को निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति प्रदान की।
पर्यटन और शहरी विकास को गति देने के उद्देश्य से होटल, पर्यटन इकाइयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक भवनों तथा अन्य निर्माण परियोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। बोर्ड ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित नियमों और तकनीकी मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में योजनाबद्ध, संतुलित और पारदर्शी विकास सुनिश्चित किया जाए।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित एवं नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन से निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, संयुक्त सचिव वित्त विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी एफआर कृष्ण कुमार मिश्र, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक एस.एम. श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता सौरभ शर्मा सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं बोर्ड सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष आनंद स्वरूप ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।
