News : केंद्र सरकार के विशेष स्वच्छता अभियान के तहत इस बार सफाई के साथ-साथ रिकॉर्ड तोड़ कमाई भी दर्ज की गई है। एक महीने तक चले इस देशव्यापी अभियान में सरकारी विभागों ने अनुपयोगी कबाड़ और ई-कचरे का निपटान करके 970.33 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया, जिसमें भारतीय रेलवे शीर्ष पर रहा।

यह विशेष अभियान (6.0) 2 से 31 अक्टूबर तक आयोजित किया गया था। कार्मिक मंत्रालय के मुताबिक, वर्ष 2021 में शुरू हुए इस वार्षिक स्वच्छता कार्यक्रम के बाद से यह अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। कबाड़ की बिक्री से हुई कुल आय पिछले अभियान की तुलना में लगभग 16 प्रतिशत अधिक है। इसमें से सिर्फ ई-कचरे (e-waste) से करीब 50 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

News : कमाई में रेलवे बोर्ड अव्वल

कबाड़ निस्तारण से राजस्व जुटाने के मामले में रेलवे बोर्ड 618.06 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर रहा। रक्षा मंत्रालय का सैन्य मामलों का विभाग 88.96 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और कोयला मंत्रालय 61.41 करोड़ रुपये जुटाकर तीसरे स्थान पर रहा। वहीं पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 34.81 करोड़ रुपये की आय हासिल की।

News : लाखों वर्ग फीट जगह हुई खाली

अभियान के दौरान देशभर में कुल 19,88,826 स्थानों पर साफ-सफाई की गई, जो पिछले साल (11,59,783 स्थान) की तुलना में करीब 71 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा, सरकारी दफ्तरों में 277.82 लाख वर्ग फीट खाली जगह निकाली गई, जो पिछले आंकड़े से 19 फीसदी अधिक है। अकेले कोयला मंत्रालय ने 1.48 करोड़ वर्ग फीट जगह खाली कराई।

News : फाइलों की छंटनी और शिकायतों का समाधान

सफाई के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर 9,99,168 जन शिकायतों का निस्तारण किया गया और 40,878 अपीलों का निपटारा हुआ। कागजी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए 26.79 लाख से अधिक पुरानी फाइलों की समीक्षा कर लगभग 15.76 लाख फाइलें हटाई गईं, जबकि 7 लाख से अधिक ई-फाइलें बंद की गईं।

विभागीय भागीदारी के मामले में स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 7.01 लाख से अधिक स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 6.52 लाख आंगनवाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थानों में यह अभियान चलाया।

Also Read : News : दीवाली से पहले FDA का बड़ा एक्शन, 105 लाइसेंस सस्पेंड, Zepto, Blinkit और Biryani By Kilo पर गिरी गाज़