Crime : बेंगलुरु में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कैब चालक पर अपनी पत्नी और 7 साल के मासूम बच्चे सहित ससुराल पक्ष के 7 लोगों की हत्या करने का आरोप लगा है।

आरोपी इंदुशेखर ने पुलिस के समक्ष दावा किया है कि पारिवारिक कलह के चलते उसने इस नरसंहार को अंजाम दिया। पुलिस ने 7 साल के बच्चे पुनीत का शव बरामद कर लिया है, जबकि अन्य 6 शवों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

Crime : पारिवारिक विवाद के कारण हत्याकांड

प्रारंभिक जांच के अनुसार, वारदात के पीछे मुख्य वजह पति-पत्नी का आपस में होने वाला घरेलू झगड़ा है। आरोपी इंदुशेखर अपनी पत्नी के उसके मायके वालों से लगातार संपर्क में रहने और उनसे मिलने वाली मदद से बेहद नाराज था। करीब 20 साल पहले शादी के बंधन में बंधे इंदुशेखर और उसकी पत्नी सुनीता के बीच अक्सर अनबन होती थी।

परिजनों द्वारा समझौते के कई प्रयासों के बाद भी दोनों के रिश्तों में सुधार नहीं आया, जिसके बाद उसने ससुराल पक्ष के पूरे परिवार को खत्म करने की खौफनाक साजिश रची। यह घटना राजाजीनगर थाना क्षेत्र के बासरूम सर्कल (59वां क्रॉस) स्थित एक रिहायशी मकान की बताई जा रही है।

मृतकों की शिनाख्त इंदुशेखर की पत्नी सुनीता, सास रूपवती, साले शिवकुमार व शंकर, सरहज दिव्या व नलिनी और 7 वर्षीय मासूम पुनीत के रूप में की गई है।

तय योजना के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी का कत्ल किया। इसके बाद उसने पार्टी के बहाने दोनों सालों को घर बुलाकर मार डाला और फिर उनकी पत्नियों, अपनी सास व मासूम बच्चे की हत्या कर दी।

Crime : दो दिनों के भीतर 7 मर्डर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले सिलबट्टे से वार करके पत्नी सुनीता की जान ली और उसका शव कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास ठिकाने लगा दिया। किसी को शक न हो, इसलिए उसने पत्नी का मोबाइल बंद कर पड़ोसियों को उसके बाहर घूमने जाने की झूठी कहानी बताई।

अगले दिन उसने साले शिवकुमार और शंकर को घर पर पार्टी के बहाने बुलाया और सिलबट्टे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने सरहज दिव्या व नलिनी, सास रूपावती और बच्चे की भी हत्या कर दी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार को नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। तफ्तीश के दौरान पुलिस को इस नरसंहार का पता चला और आरोपी इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया गया।

वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए रसायनों से घर के खून के धब्बे साफ किए थे। पुलिस ने शव ले जाने में इस्तेमाल कार और हत्या में इस्तेमाल सिलबट्टा बरामद कर लिया है।

Crime : बच्चे का शव बरामद, अन्य की तलाश जारी

नंदी हिल्स की तलहटी में चले 4 घंटे के गहन तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने 7 साल के बच्चे का शव बरामद किया है, जबकि अन्य 6 शवों की खोज जारी है। हालांकि आरोपी 7 हत्याएं करने की बात स्वीकार कर रहा है, फिर भी पुलिस उसके बयानों की सत्यता की जांच कर रही है।

पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या इस सामूहिक हत्याकांड में आरोपी का साथ किसी और (जैसे उसकी बेटी) ने दिया था या नहीं। इसके अलावा, घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में इस घटना की भनक आसपास के लोगों को क्यों नहीं लगी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

Also Read : News : क्रिस्टियानो रोनाल्डो का इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा, 23 साल के सफर का हुआ अंत