देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब 25 दिनों से फरार चल रहे साहू को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के बाद प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में एक बार फिर मंत्री रेखा आर्या और उनके पति से जुड़ा मामला चर्चा में आ गया है। देहरादून पुलिस शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे प्रकरण में कई अहम जानकारियां साझा करेगी।
जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बीते 15 अक्टूबर को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि साहू ने शादी के समय अपनी पहली शादी और बच्चों की जानकारी छिपाई थी। इसके अलावा उन्होंने पति पर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया था।
मंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल साहू ने धोखाधड़ी करते हुए उन्हें अपनी कंपनियों से बाहर करने के लिए उनके फर्जी हस्ताक्षर किए और दस्तावेजों में हेराफेरी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था।
एसआईटी पिछले कई दिनों से साहू की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस टीमों ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और उसके करीबियों से भी पूछताछ की। इस दौरान उसके नेपाल भागने की आशंका भी जताई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने नेपाली एजेंसियों से संपर्क साधा था। आखिरकार पुलिस ने उसे झांसी से गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान साहू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली और उत्तराखंड समेत विभिन्न स्थानों पर करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरफ्तारी से जुड़े घटनाक्रम, जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
