चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैनी के समीप शुक्रवार को एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल 18 श्रद्धालु सवार थे, जो गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि दुर्घटना में 17 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि 44 वर्षीय महिला श्रद्धालु आरती की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
