अल्मोड़ा। कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण रद्द हो गया। बृहस्पतिवार को विशेष विमान से पंतनगर पहुंचने के बाद राहुल गांधी हेलिकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते पायलट ने सुरक्षा कारणों से हेलिकॉप्टर को वापस पंतनगर एयरपोर्ट पर उतार दिया। कुछ समय तक मौसम सुधरने का इंतजार करने के बाद राहुल गांधी दिल्ली लौट गए।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी उत्साह था, लेकिन उनके कार्यक्रम रद्द होने से कार्यकर्ताओं में मायूसी देखने को मिली। हालांकि उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट से ही अल्मोड़ा जनसभा और पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। कनेक्टिविटी संबंधी दिक्कतों के कारण उनका संबोधन सभी लोगों तक स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच सका।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के संभावित मुद्दों की झलक पेश की। उन्होंने संकेत दिए कि राज्य में अग्निवीर भर्ती योजना, अंकिता भंडारी हत्याकांड, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने सामाजिक सौहार्द और समानता का संदेश भी देने का प्रयास किया।

इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी पंतनगर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के साथ मौजूद रहे और उनके साथ ही दिल्ली रवाना हुए। वहीं देहरादून में पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर प्रस्तावित बैठक की सभी तैयारियां अधूरी रह गईं और कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।

You missed