नैनीताल। पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल जिले में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों एवं अतिथियों से यातायात नियमों का पालन करने और स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं का सम्मान करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जनपद में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिससे यातायात का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सभी आगंतुकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने वाहनों को सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़ा न करें और केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि नैनीताल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। इसलिए यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय रीति-रिवाजों, परंपराओं और सामाजिक मर्यादाओं का सम्मान करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं पर्यटन स्थलों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने सभी पर्यटकों से प्रशासन का सहयोग करने और नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नैनीताल में सुगम यातायात, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

You missed