देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में 13 जून को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड को लेकर राजधानी देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है। इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर  द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और 158वें रेगुलर कोर्स तथा 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स के कैडेट्स की सलामी लेंगी।

प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे तथा पुलिस बल की तैनाती को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करा दिया गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।

एसपी सिटी के अनुसार पुलिस का प्रयास है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ-साथ आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो। वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि पासिंग आउट परेड शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

You missed