ऋषिकेश। देवभूमि उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार से अखिल भारतीय महापौर परिषद का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू होने जा रहा है। देशभर के लगभग 60 शहरों के महापौर इस सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन का आयोजन ऋषिकेश स्थित नटराज होटल में किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता अखिल भारतीय महापौर परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं करनाल (हरियाणा) की महापौर रेणु बाला गुप्ता करेंगी। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  करेंगे।

सम्मेलन को लेकर ऋषिकेश नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजन स्थल सहित शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि यह सम्मेलन देश के शहरी विकास के लिए नई दिशा तय करने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगमों को जनसेवा, स्वच्छता और सतत विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना होगा।

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, स्वच्छता प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा नगर निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। विभिन्न राज्यों के महापौर अपने-अपने शहरों में लागू सफल मॉडलों और नवाचारों को साझा करेंगे, जिससे अन्य नगर निकायों को भी बेहतर कार्यप्रणालियां अपनाने का अवसर मिलेगा।

सम्मेलन का एक विशेष आकर्षण त्रिवेणी घाट पर आयोजित होने वाली भव्य गंगा आरती होगी, जिसमें सभी अतिथि महापौर शामिल होंगे। इसके अलावा उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और पारंपरिक कार्यक्रमों के माध्यम से मेहमानों का स्वागत किया जाएगा। समापन सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद  त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। सम्मेलन से देश के शहरी विकास और स्थानीय निकायों के सशक्तीकरण को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।