देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने यह परिणाम मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर जारी किया है। परिणाम के साथ ही प्रदेश को नौ नए डिप्टी कलेक्टर मिले हैं।
पीसीएस परीक्षा में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया। डिप्टी कलेक्टर पद के लिए जसमीत कौर ने पहला स्थान हासिल कर टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर रहीं। डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित अन्य अभ्यर्थियों में आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्जवल डालाकोटी और काजल सैनी शामिल हैं।
आयोग ने पुलिस उपाधीक्षक (गृह विभाग) पद के लिए 10 अभ्यर्थियों का चयन किया है। इनमें अदिति पुनेठा, ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी शामिल हैं।
इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड के पांच पदों, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और कार्याधिकारी जिला पंचायत के एक-एक पद पर भी चयन किया गया है। वहीं जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के छह, उप शिक्षा अधिकारी के 58, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 14, सहायक आयुक्त राज्य कर के 16 तथा राज्य कर अधिकारी के 53 पदों पर अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी पद के लिए भी सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। यह चयन उत्तराखंड की प्रशासनिक व्यवस्था को नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व प्रदान करेगा।
