देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत देते हुए उनके लिए आवश्यक मेडिकल जांच और स्वास्थ्य प्रमाणन (हेल्थ सर्टिफिकेट) की सुविधा निशुल्क करने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

अमरनाथ यात्रा देश की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लंबी पैदल यात्रा करनी पड़ती है। यात्रा के दौरान कम ऑक्सीजन, कठिन चढ़ाई और बदलते मौसम जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसी कारण यात्रा में शामिल होने से पहले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए मेडिकल परीक्षण और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य होता है।

अब तक यात्रियों को यह जांच अपने खर्च पर करवानी पड़ती थी। हाल ही में अमरनाथ यात्रा से जुड़े एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर मेडिकल जांच को निशुल्क करने की मांग उठाई थी। प्रतिनिधिमंडल ने हज यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वहां यह सुविधा मुफ्त उपलब्ध है तो अमरनाथ यात्रियों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।

मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और यात्रा को सुरक्षित बनाना है।

सरकार के इस फैसले का श्रद्धालुओं और अमरनाथ यात्रा से जुड़े संगठनों ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे यात्रियों पर आर्थिक बोझ कम होगा और अधिक लोग समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराकर सुरक्षित रूप से यात्रा में शामिल हो सकेंगे।