चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में नीति-मलारी नेशनल हाईवे पर रविवार को बड़ा भूस्खलन होने से अफरा-तफरी मच गई। हैरान करने वाली बात यह रही कि बिना बारिश के ही अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। इस भयावह घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसमें पहाड़ी से धूल और मलबे का विशाल गुबार उठता दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि हाईवे पर इन दिनों सड़क को डबल लेन बनाने का कार्य चल रहा है। इसी दौरान पहाड़ की कटिंग के समय अचानक पहाड़ी दरक गई और भारी मात्रा में मलबा व बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे। घटना के बाद नीति-मलारी हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क बंद होने से नीति घाटी के दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है।

हाईवे बंद होने का असर स्थानीय लोगों के साथ-साथ सेना की आवाजाही और जरूरी सामानों की आपूर्ति पर भी पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रशासन और बीआरओ की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। हालांकि लगातार पत्थर गिरने के कारण राहत एवं बहाली कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहाड़ों की अंधाधुंध कटिंग के चलते आए दिन भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने फिलहाल लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।

You missed