देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में अनुत्तीर्ण तथा अंक सुधार करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को एक और महत्वपूर्ण अवसर दिया है। बोर्ड की ओर से परीक्षाफल सुधार परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जो 24 मई 2026 तक जारी रहेगी।

बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्र-छात्राएं 20 मई 2026 तक अपने आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं, जबकि विद्यालयों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए 24 मई तक का समय दिया गया है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

बोर्ड के अनुसार, हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा में अधिकतम दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। वहीं, इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में एक विषय में फेल विद्यार्थी भी परीक्षाफल सुधार परीक्षा देने के पात्र होंगे। इसके अलावा, वे छात्र-छात्राएं जो अपने प्राप्त अंकों में सुधार करना चाहते हैं, उन्हें भी यह अवसर प्रदान किया गया है।

शिक्षा परिषद का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने और बेहतर परिणाम हासिल करने का मौका देना है। इससे छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को नई दिशा मिलेगी और वे आगे की पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।