देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम जल्द ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है। प्रदूषण मुक्त और हाईटेक यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निगम ने 25 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव शासन को भेजने की तैयारी कर ली है।
निगम के अनुसार, एक इलेक्ट्रिक बस फुल चार्ज होने पर लगभग 250 किलोमीटर तक चल सकती है, जबकि एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली-देहरादून के बीच दूरी घटकर करीब 210 किलोमीटर रह गई है। ऐसे में बसों को बीच रास्ते में चार्जिंग की आवश्यकता नहीं होगी। महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने बताया कि इस योजना को लेकर शासन स्तर पर प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
इधर, देहरादून के राजपुर क्षेत्र में पेयजल संकट दूर करने के लिए 5.80 करोड़ रुपये की योजनाओं का भूमि पूजन किया गया। काबीना मंत्री खजान दास ने कांवली रोड, कोमेट कॉलोनी और कबीर डेरी गली समेत कई इलाकों में नई पाइपलाइन बिछाने की शुरुआत की। उन्होंने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार की दिशा में कदम उठाए गए हैं। गांधी अस्पताल में एक सप्ताह के भीतर हृदय रोगियों के लिए ओपीडी शुरू की जाएगी। एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय की कुलपति एवं वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भानु दुग्गल ने अस्पताल का निरीक्षण कर तैयारियों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, एक माह के भीतर कैथलैब शुरू करने की योजना भी बनाई गई है।
