हल्द्वानी। हल्द्वानी में स्थित बेस अस्पताल में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां इलाज के लिए पहुंचे एक अधेड़ मरीज की कथित लापरवाही के चलते मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, करीब 50 वर्षीय व्यक्ति सुबह ओपीडी में पर्चा बनवाने के बाद लाइन के पास बेहोश होकर गिर पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि वहां मौजूद लोग और लाइन में खड़े मरीज उसे नजरअंदाज करते रहे और कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया।
करीब 10 से 10:30 बजे के बीच अस्पताल परिसर में भीड़ बढ़ने लगी थी। इसी दौरान मरीज ओपीडी लाइन के बाहर बेहोश पड़ा रहा। काफी देर बाद वहां से गुजर रहे समाजसेवी व पार्षद प्रेम बेलवाल की नजर उस पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इमरजेंसी को सूचना दी और व्हीलचेयर के सहारे मरीज को अंदर पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ओपीडी के पास मरीजों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को खड़े-खड़े इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा परिसर में बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण भी अव्यवस्था बनी रहती है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केएस दताल ने बताया कि मृतक के पास एक दिन पुरानी पर्ची मिली है और उसकी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस शव की शिनाख्त में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
