हल्द्वानी। हल्द्वानी के पूर्वी क्षेत्र में तैनात रहे एक कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुखानी कोतवाली में मंगलवार रात प्रभागीय प्रबंधक की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई।

प्रभागीय विक्रय प्रबंधक उपेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपी महेंद्र सिंह बिष्ट ने विभागीय कार्यों के दौरान कई स्तरों पर धोखाधड़ी की। विभागीय जांच में सामने आया कि उसने मुख्यमंत्री के उप सचिव के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर लोगों को धमकाने और गुमराह करने का काम किया। इसके अलावा, उसने बायोमेट्रिक मशीन में छेड़छाड़ कर अपनी उपस्थिति में हेरफेर की।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने सूचना का अधिकार (RTI) पोर्टल का पासवर्ड अनधिकृत रूप से बदलकर उसे लॉक कर दिया। वहीं, स्वतंत्रता दिवस और विभागीय बैठकों के जलपान खर्च के नाम पर फर्जी रेस्टोरेंट के बिल बनाकर 4635 रुपये का गबन किया गया।

इतना ही नहीं, आरोपी ने फर्जी नाम से स्टाम्प पेपर खरीदकर उसी आधार पर शिकायतें भी दर्ज कराईं। उसने कई मोबाइल नंबरों को Truecaller पर सीएम ऑफिस, वन विभाग, इनकम टैक्स और अन्य सरकारी संस्थाओं के नाम से सेव कर लोगों को भ्रमित किया।

आरोपी पर वन विकास निगम के कर्मचारियों को स्थानांतरण का झांसा देने का भी आरोप है। विभागीय जांच के बाद उसे पहले ही ब्लैकलिस्ट कर सेवा से बाहर किया जा चुका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।