हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले ग्रामीण की मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग बेटी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने अपनी बेटी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

एसपी सिटी अभय सिंह ने शनिवार को मायापुर स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि दो अप्रैल को पूजा नामक महिला अपनी बेटी के साथ थाने पहुंची और सूचना दी कि उसके पति बबलू ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पोस्टमार्टम और गहन जांच शुरू की गई।

मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी, नाबालिग बेटी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान मृतक के बेटे ने खुलासा किया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर पिता की तकिये से मुंह दबाकर हत्या की थी। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, एक अप्रैल की रात महिला ने पहले पति को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। बेहोश होने पर उसके हाथ-पैर बांधकर तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। बाद में शव को दूसरे कमरे में ले जाकर मुंह में सल्फास का घोल डालकर आत्महत्या का रूप दिया गया।

फिलहाल पुलिस महिला के प्रेमी और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।