ऊधम सिंह नगर। उधम सिंह नगर जिले के पंतनगर स्थित एक फाइव स्टार होटल में दिल्ली की 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान ज्योति शर्मा के रूप में हुई है, जो दिल्ली के लोधी रोड क्षेत्र की निवासी थीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ज्योति शर्मा अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी के साथ होटल रेडिसन ब्लू में ठहरी हुई थीं। मंगलवार देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। अमित चौधरी ने होटल के रिसेप्शन से संपर्क किया, जिसके बाद तत्काल ज्योति को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे से साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ज्योति और अमित चौधरी भवाली स्थित कैंची धाम जा रहे थे और रास्ते में पंतनगर के इस होटल में रुके थे। पुलिस दोनों के बीच संबंधों और यात्रा के उद्देश्य की भी जांच कर रही है।
इस बीच, मृतका की बहन ने अमित चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस के मुताबिक अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल अमित चौधरी से पूछताछ जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
