हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के नूरपुर पंजनहेड़ी में हुए गोलीकांड के मामले में अदालत से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद सोमवार सुबह पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद थाने में समर्थकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने तरुण चौहान के साथ अभिषेक चौहान और गौरव चौहान को भी गिरफ्तार किया। जैसे ही गिरफ्तारी की खबर फैली, तरुण चौहान के समर्थक, परिवार के सदस्य, गांव की महिलाएं और बजरंग दल के कार्यकर्ता कनखल थाने पहुंच गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने परिसर में धरना शुरू कर दिया। कुछ महिलाएं पहले थाने के बीच परिसर में और बाद में एसएचओ के कमरे के बाहर बैठकर विरोध जताने लगीं।

हंगामा बढ़ता देख पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। मौके पर सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी पहुंचे और स्थिति को संभाला। इसके अलावा शहर कोतवाली, श्यामपुर और ज्वालापुर थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। सुरक्षा के बीच पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी को पंजनहेड़ी स्थित उषा टाउनशिप में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत पर प्रशासन की टीम पहुंची थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और गोलीबारी की घटना हो गई, जिसमें जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान और रिश्तेदार कृष्णपाल घायल हो गए थे।

इस मामले में अमित चौहान ने भाजपा नेता अतुल चौहान, उनके भतीजे तरुण चौहान और अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि सभी ने लाइसेंसी असलाह से फायरिंग की थी। मामले में अतुल चौहान पहले ही थाने में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।