देहरादून। देहरादून में जौलीग्रांट एयरपोर्ट की फर्जी हेल्पलाइन के जरिये साइबर ठगों ने एक परिवार से 1 लाख 63 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले में शुक्रवार को बसंत विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जीएमएस रोड स्थित वसुधरा अपार्टमेंट निवासी अरविंद कृष्ण गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हाल ही में उनका सामान जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर छूट गया था। सामान की जानकारी लेने के लिए उनकी पत्नी ने गूगल पर एयरपोर्ट का हेल्पलाइन नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान उन्हें एक नंबर मिला, जिस पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को एयरपोर्ट कर्मचारी बताया। उसने कहा कि मात्र पांच रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने पर सामान घर भिजवा दिया जाएगा।

झांसे में आकर उनकी पत्नी ने यूपीआई के माध्यम से पांच रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठग ने भुगतान न मिलने का बहाना बनाकर दोबारा पांच रुपये भेजने को कहा। इस बार पति के मोबाइल से भी पांच रुपये भेजे गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके तुरंत बाद दोनों मोबाइल फोन हैक हो गए और बैंकिंग ऐप्स गायब हो गए।

कुछ ही देर में ठगों ने उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1,63,000 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने उसी दिन सुबह 10:45 बजे नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी हेल्पलाइन नंबर की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट से ही करें।