हल्द्वानी। शहर में चल रहे विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को 13 मार्च तक दोगुनी गति से काम करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सड़क चौड़ीकरण, सीवर, पेयजल, गैस पाइपलाइन, सौंदर्यीकरण और यूटिलिटी डक्ट स्थानांतरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
डीएम ने यूयूएसडीए समेत संबंधित विभागों को गड्ढे भरने और सड़क निर्माण के लिए दिन-रात कार्य करने को कहा। अधिकारियों को जनशक्ति बढ़ाने और आपसी समन्वय के साथ साप्ताहिक बैठकों में समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंतरिक मार्गों पर पहले सीवर और पेयजल कार्य पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को असुविधा न हो।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी ने सड़कों पर मलबा और सुरक्षा उपायों की कमी पर चिंता जताई, जिस पर डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सौंदर्यीकरण के तहत शनि बाजार चौराहा, कुसुमखेड़ा चौराहा, लामाचौड़, हनुमान मंदिर और मंडी क्षेत्र को 13 मार्च तक अतिक्रमण मुक्त कर कार्य पूरा करने को कहा गया।
सड़क चौड़ीकरण के प्रथम चरण में होली के बाद तीनपानी से मंडी गेट तक कार्य शुरू होगा, इसके बाद तीनपानी से कॉलटैक्स तक काम होगा। विद्युत पोल, जल संस्थान और पेयजल पाइपलाइनें भी स्थानांतरित की जाएंगी। तिकोनिया से काठगोदाम तक सड़क की जद में आने वाले पेड़ों की छंटाई और पीपल के पेड़ों के स्थानांतरण की योजना पर भी काम करने के निर्देश दिए गए।
