देहरादून। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सांख्यिकी विभाग के एक अधिकारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान देहरादून स्थित नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस के वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार के रूप में हुई है।
सीबीआई को एक टैक्स एडवोकेट ने शिकायत दी थी कि वह अपने क्लाइंट की कंपनी बीएस इंडस्ट्रीज के कर संबंधी कार्य देखते हैं। कंपनी को एनुअल सर्वे ऑफ इंडस्ट्रीज (एएसआई) की वार्षिक रिटर्न दाखिल करनी थी, जो सांख्यिकी विभाग के माध्यम से की जाती है। शिकायत के अनुसार, अधिकारी ने रिटर्न तैयार करने और जमा कराने के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी। आरोप है कि संजय कुमार ने व्हाट्सएप के जरिए एक मोबाइल नंबर भेजकर उस पर यूपीआई के माध्यम से राशि ट्रांसफर करने को कहा था।
शिकायत मिलने के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने पर अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सीबीआई की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। गिरफ्तारी के बाद विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
