नई दिल्ली। देश की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को निशाना बनाने की एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा किया है। खुफिया इनपुट के आधार पर दिल्ली में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सूत्रों के अनुसार, आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) लाल किले के आसपास और चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर में बम धमाके की योजना बना रहा है।

न्यूज एजेंसी एएनआई को खुफिया सूत्रों ने बताया कि आतंकी संगठन आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के जरिए हमला करने की साजिश रच रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह संभावित आतंकी हमला पाकिस्तान के इस्लामाबाद में 6 फरवरी को हुई एक मस्जिद विस्फोट की घटना का बदला लेने की मंशा से जुड़ा हो सकता है।

खुफिया एजेंसियों ने यह भी चेतावनी दी है कि लश्कर-ए-तैयबा देश भर के प्रमुख मंदिरों को भी निशाना बना सकता है। इस इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है तथा संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

गौरतलब है कि पिछले साल 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक बम धमाका हुआ था, जिसमें 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। विस्फोट गेट नंबर 1 के पास विस्फोटकों से भरी एक कार में हुआ था, जिससे इलाके में भारी दहशत फैल गई थी।

सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल इनपुट की गहन जांच कर रही हैं और किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिए व्यापक सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं।