Dehradun

Dehradun : आईएसबीटी और नेशनल हाईवे के इर्द-गिर्द अवैध बस्तियों, सरकारी जमीन पर कब्जे और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शहर में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आईएसबीटी और राजमार्ग के पास बस्तियों के फैलने से शहर की साख खराब हो रही है।

Dehradun : ट्रैफिक सिग्नलों पर बच्चों का इस्तेमाल

संगठन ने नशे के अवैध कारोबार, चोरी, जेबकटी और अन्य संगीन वारदातों में इनकी संलिप्तता की आशंका जताते हुए गहन जांच की मांग उठाई। इसके साथ ही, महिलाओं व पर्यटकों की सुरक्षा और छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं को लेकर भी गहरी चिंता जाहिर की गई। यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ इलाकों में छोटे-छोटे बच्चों से भीख मंगवाई जा रही है।

चौराहों और ट्रैफिक सिग्नलों पर बच्चों का इस्तेमाल करने तथा सड़क दुर्घटना का नाटक रचने जैसी संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कराए जाने की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस प्रदर्शन के दौरान गढ़वाल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, जिला अध्यक्ष विजय मिश्रा, जिला महामंत्री दक्ष राजा, वैभव बुटोला और अर्पित सुयाल समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Also Read : Dehradun : भारतीय मानक ब्यूरो ने आयोजित किया विश्व मानक दिवस 2026 समारोह