Delhi : दिल्ली के मोहन गार्डन स्थित एक सरकारी स्कूल के बाहर 12वीं कक्षा के छात्र की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह वारदात बुधवार देर शाम छुट्टी के समय हुई। द्वारका के डीसीपी कुशल पाल सिंह के अनुसार, मामले में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को दबोच लिया गया है, जिनमें से 3 उसी स्कूल में पढ़ते हैं और 3 आरोपी नाबालिग हैं। मोहन गार्डन थाना पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू स्कूल के मुख्य द्वार के पास से बरामद कर लिया है। जांच के दौरान हत्या की जो वजह सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली है।
Delhi : जूते न पहनने की शिकायत को लेकर हुआ था विवाद
मृतक छात्र की पहचान 18 वर्षीय नितेश के रूप में हुई है, जो अपने सहपाठी अभय (बदला हुआ नाम) का दोस्त था। दरअसल, अभय का स्कूल के ही एक अन्य छात्र विनीत (बदला हुआ नाम) से विवाद चल रहा था। विनीत स्कूल ड्रेस के साथ निर्धारित जूते पहनकर नहीं आया था, जिसकी शिकायत अभय ने शिक्षक से कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी।
बुधवार शाम को छुट्टी होने पर जब दोनों अपने-अपने दोस्तों के साथ बाहर निकले, तो विनीत ने अपने साथियों को उकसाया और अभय के साथ हाथापाई शुरू कर दी। उस वक्त नितेश अपने दोस्त अभय का बचाव कर रहा था, तभी उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।
Delhi : अस्पताल में नितेश को घोषित किया गया मृत
गंभीर हालत में नितेश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता सतीश, जो सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में गुरुग्राम में गनमैन के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने बताया कि बुधवार शाम जब वे बेटे को लेने स्कूल पहुंचे तो वहां भारी भीड़ जमा थी और उन्हें घटना की जानकारी मिली।
दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में मौजूद मृतक के चाचा ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि नितेश की गर्दन, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए गए थे। फोन पर सूचना मिलने के बाद जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक नितेश दम तोड़ चुका था। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Also Read : Delhi: ट्रांसजेंडर अधिकार कानून पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र व राज्यों से मांगा जवाब
