देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के 243 खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी देने का प्रस्ताव इस महीने 25 फरवरी को होने वाली राज्य कैबिनेट बैठक में लाया जा सकता है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने संबंधी प्रस्ताव को कैबिनेट में प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया है।
पिछले वर्ष उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में मेजबान राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। खिलाड़ियों ने कुल 103 पदक जीते, जिनमें 24 स्वर्ण, 35 रजत और 44 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ उत्तराखंड पदक तालिका में सातवें स्थान पर रहा था।
राज्य सरकार ने नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया है। इसके तहत खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर सीधे सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जानी है। हालांकि, राष्ट्रीय खेलों को एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पदक विजेता खिलाड़ियों को अब तक नौकरी नहीं मिल सकी है।
खेल विभाग की ओर से संबंधित प्रस्ताव पहले ही कार्मिक विभाग को भेजा जा चुका है, लेकिन यह प्रस्ताव लंबे समय से लंबित है। अब सरकार इसे कैबिनेट में लाकर अंतिम मंजूरी देने की तैयारी कर रही है।
खेल मंत्री ने उम्मीद जताई कि कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद पदक विजेता खिलाड़ियों को जल्द ही सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी, जिससे राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
