नैनीताल/भवाली। नैनीताल जिले के भवाली कोतवाली क्षेत्र में खैरना इलाके से युवती के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। युवती के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, खैरना क्षेत्र निवासी युवती के पिता ने भवाली कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गरमपानी क्षेत्र में नाई की दुकान में काम करने वाला सुहैल, निवासी नेहटौर (जिला बिजनौर, यूपी), उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर युवती की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि शनिवार को पुलिस टीम ने बिजनौर में दबिश देकर आरोपी सुहैल को गिरफ्तार कर लिया और युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। युवती ने अपने बयान में बताया कि सुहैल ने उसे आठ महीने पहले शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था, लेकिन बाद में शादी से मुकर गया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपने साथ कैद करके रखा, मारपीट की और घर वापस जाने से रोका।
पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण के साथ-साथ दुष्कर्म और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि पीड़िता को हर संभव कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी।
