देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना का शिलान्यास किया। द्वितीय चरण के तहत 12.40 करोड़ रुपये की लागत से मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होगी, जिससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मजबूत और चौड़ी सड़कें किसी भी प्रदेश की प्रगति की आधारशिला होती हैं और इससे ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने सहसपुर क्षेत्र के लिए कई अन्य विकास योजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति के लिए नया नलकूप बनाया जाएगा और नगर निगम क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए दरू चौक से केशववाला नदी तक नाले का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के पास मोक्षधाम, आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता और सड़क निर्माण की भी योजना है।

सीएम ने ठाकुरपुर अंतर्गत उमेदपुर और परवल में आसन नदी पर कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए पुस्ता निर्माण, वार्ड संख्या 93 बड़ोवाला में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पौंधा क्षेत्र में श्मशान घाट सड़क व भूमि कटाव रोकने के लिए पुस्ता निर्माण की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की मूल पहचान, संस्कृति और जनसांख्यिकीय संतुलन की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और अवैध अतिक्रमण व भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और इस वित्तीय वर्ष में 10 से 12 हजार नियुक्तियों की तैयारी की जा रही है।