अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के बाड़ेछीना–सेराघाट मोटर मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में दिल्ली से घूमने आए बुजुर्ग दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना कसान बैंड के पास उस समय हुई, जब स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
धौलछीना थाना पुलिस के अनुसार, दिल्ली के महरौली मंगलपुरी निवासी 75 वर्षीय प्रणब राय अपनी 72 वर्षीय पत्नी शुभी राय और 52 वर्षीय बेटे सिद्धार्थ राय के साथ उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। शनिवार सुबह उन्होंने कैंची धाम में दर्शन किए, इसके बाद मुनस्यारी में बर्फ देखने के लिए रवाना हुए। अपराह्न करीब तीन बजे उनकी कार बाड़ेछीना–सेराघाट मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
कार लगभग 50 से 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर उल्टी गिर गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। छत पिचकने के कारण दंपति वाहन के अंदर ही दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। लोहे के सब्बल से दरवाजे तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी बुलाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को सीधा किया गया और छत काटकर शव बाहर निकाले गए।
गंभीर रूप से घायल सिद्धार्थ राय को शिक्षक राकेश मेहरा ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपने निजी वाहन से धौलछीना अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, कार सिद्धार्थ ही चला रहे थे। हादसे में ऊपर सड़क पर लगा क्रैश बैरियर भी टूट गया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
