कर्णप्रयाग। चमोली जिले के कर्णप्रयाग में रविवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। करीब ढाई घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद सुभाषनगर क्षेत्र में भारी मलबा और पेड़ सड़क पर आ गिरे। इससे आसपास के कई आवासीय मकान और दुकानें खतरे की जद में आ गईं।
सुबह करीब साढ़े छह बजे अचानक भारी मलबा आने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक दुकानदार मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। वहीं सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहन मलबे में दब गए। पेड़ गिरने से बिजली की लाइन को भी नुकसान पहुंचा, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
मलबा आने के कारण सड़क पूरी तरह बंद हो गई, जिससे कुमाऊं और पिंडर क्षेत्र की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हुआ। वाहनों को अपर बाजार के रास्ते डायवर्ट किया गया। सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
उधर, अपर बाजार क्षेत्र में बारिश के दौरान एक गाय स्कपर में फंस गई। सूचना मिलने पर डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गाय को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।
लगातार हो रही बारिश के बीच क्षेत्र में भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और राहत-बचाव टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा बढ़ गया है।
