गुवाहाटी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (ईआईटी) गुवाहाटी में तीसरे वर्ष के एक बीटेक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव अकादमिक भवन के पास मिलने के बाद परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
मृतक की पहचान कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र ऋतेश राज सिंह के रूप में हुई है। वह ब्रह्मपुत्र छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अकादमिक भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गए। सूचना मिलते ही संस्थान प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या की आशंका से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। अधिकारियों ने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
बताया जा रहा है कि ऋतेश पढ़ाई में बेहद मेधावी थे और हाल ही में उन्हें वैश्विक निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स में इंटर्नशिप भी मिली थी। उनकी असामयिक मौत से आईआईटी गुवाहाटी के छात्र, शिक्षक और कर्मचारी स्तब्ध हैं।
संस्थान के निदेशक प्रो. देवेंद्र जलिहाल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह आईआईटी परिवार के लिए बेहद दुखद क्षति है। उन्होंने बताया कि संस्थान मृतक के परिजनों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पुलिस ने कहा कि घटना के कारणों की गहन जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और प्रभावी परामर्श व्यवस्था की जरूरत पर चर्चा तेज कर दी है।
