जम्मू/उत्तराखंड। पाकिस्तान से जुड़े करोड़ों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान पुलिस ने 26 वर्षीय पूजा को गिरफ्तार किया है, जिसे इस पूरे नेटवर्क का प्रमुख संचालक माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार की गई सोनम इस नेटवर्क में केवल एक कड़ी थी, जबकि पूजा पर्दे के पीछे रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रही थी।
जांच में सामने आया है कि पूजा लंबे समय से फर्जी और बेनामी बैंक खातों के माध्यम से संदिग्ध धनराशि के लेनदेन में शामिल थी। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के कई एटीएम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका उपयोग रकम निकालने और ट्रांसफर करने में किया जाता था। इसके अलावा उसके मोबाइल फोन से भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां और संपर्क विवरण मिले हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूजा का संपर्क जम्मू-कश्मीर में रहने वाले उमर नामक एक संदिग्ध व्यक्ति से था, जो कथित तौर पर पाकिस्तान से आने वाले फंड को विभिन्न खातों के माध्यम से खपाने के निर्देश देता था। बताया जा रहा है कि पूजा ने अपनी परिचित सोनम को भी इस नेटवर्क से जोड़ा और अधिक कमाई का लालच देकर उसे इस काम में शामिल किया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आर्थिक तंगी और जल्द अमीर बनने की चाहत के चलते दोनों युवतियां इस नेटवर्क का हिस्सा बनीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनके माध्यम से अब तक कितनी राशि का लेनदेन हुआ और उस धन का इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जाना था।
फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
