नैनीताल। नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत सतोली में महिलाओं और युवतियों से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। काम की तलाश में गांव पहुंचे कुछ मजदूरों पर महिलाओं से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगा। घटना से नाराज महिलाओं और ग्रामीणों ने दो आरोपियों के चेहरे पर कालिख पोत दी, उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया और मारपीट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पांच से दस मजदूर काम की तलाश में सतोली गांव पहुंचे थे। आरोप है कि इनमें से कुछ युवकों ने गांव की महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की। जब महिलाओं और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, उनके चेहरे पर कालिख पोती और उनकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलते ही भवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अभी तक औपचारिक तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छेड़छाड़ और उसके बाद हुए विवाद की पुष्टि हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
