देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के स्टार एथलीट तेजस्विन शंकर द्वारा डेकाथलॉन स्पर्धा में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस्विन की यह उपलब्धि भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व का क्षण है और उनकी मेहनत, समर्पण तथा संघर्ष युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों में इतिहास रचकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सफलता देश के युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने तेजस्विन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पूरे उत्तराखंड और देश को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है।

तेजस्विन शंकर ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स की पुरुष डेकाथलॉन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह कॉमनवेल्थ गेम्स के डेकाथलॉन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता से ठीक पहले वह पैर और घुटने की चोट से जूझ रहे थे, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने दमदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है और राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं तथा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे। तेजस्विन शंकर की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और विभिन्न संगठनों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और इसे भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

You missed