देहरादून। देहरादून नगर निगम में शुक्रवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मेयर कक्ष में कांग्रेस पार्षदों और सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मेयर **सौरभ थपलियाल को स्वयं हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराना पड़ा। घटना के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्षद अभिषेक तिवारी अपने साथ अन्य पार्षदों के साथ मेयर से मुलाकात करने पहुंचे थे। इसी दौरान सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सोनू खैरवाल सहित यूनियन के कई पदाधिकारी भी मेयर कार्यालय पहुंच गए। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया, जिससे नगर निगम परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह विवाद पहले से चल रहे एक मामले से जुड़ा है। कांग्रेस पार्षद अभिषेक तिवारी ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी की मौजूदगी में यूनियन अध्यक्ष सोनू खैरवाल समेत करीब 25 सफाई कर्मचारियों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया था। वहीं दूसरी ओर महिला सफाई कर्मचारियों ने भी पार्षद और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों मामलों की जांच पुलिस पहले से कर रही है।

स्थिति को नियंत्रित करने के बाद मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि पार्षद और सफाई कर्मचारी दोनों नगर निगम व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए विभागीय जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने दोनों पक्षों से संयम बनाए रखने और जांच पूरी होने तक सहयोग करने की अपील भी की है।

You missed