देहरादून। देहरादून में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को अभूतपूर्व गति दी जा रही है और यह विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने वर्ष 2014 और 2026 के आंकड़ों की तुलना करते हुए बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र के बजट में छह गुना तक वृद्धि हुई है। जहां 2014 में लगभग दो लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा था, वहीं अब यह आंकड़ा 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में सड़क, सुरंग, रोपवे, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ी कई परियोजनाएं तेजी से निर्माणाधीन हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं को ‘मोदी की गारंटी’ बताते हुए कहा कि भारत के बुनियादी ढांचे के विस्तार की चर्चा अब वैश्विक स्तर पर हो रही है।
सभा में करीब एक घंटे की देरी से पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने आमजन से क्षमा भी मांगी। उन्होंने बताया कि 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन करने में अधिक समय लग गया। उन्होंने देहरादून के साथ-साथ सहारनपुर और दिल्ली से ऑनलाइन जुड़े दर्शकों से भी खेद व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के फैसले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने इस दिशा में पहल कर पूरे देश को राह दिखाई है। प्रधानमंत्री ने धामी को लोकप्रिय, कर्मठ और युवा मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उनकी सरकार के निर्णय संविधान की भावना को मजबूत कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हाल के वर्षों में केंद्र सरकार के कई फैसलों ने संविधान की गरिमा को पुनर्स्थापित किया है, जिसमें अनुच्छेद-370 हटाना और यूसीसी जैसे कदम शामिल हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से राज्य को केंद्र से आर्थिक सहायता और कई योजनाओं का लाभ मिला है, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिली है।
