हल्द्वानी। हल्द्वानी में जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के पांच कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया। यह कार्रवाई उन संस्थानों के खिलाफ की गई, जिनके पास अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र (फायर एनओसी) नहीं था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जिला प्रशासन के निर्देश पर प्राधिकरण, सिटी मजिस्ट्रेट और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार देर शाम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मुखानी स्थित विजन फ्यूचर कोचिंग सेंटर, कुमाऊं डिफेंस कोचिंग सेंटर, पाई स्क्वायर, पनचक्की रोड स्थित विजन फ्यूचर तथा लालडांठ स्थित कृष्णा आईएएस एवं डिफेंस एकेडमी में फायर एनओसी नहीं मिली। इसके बाद सभी पांच संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं, लोहरियासाल स्थित एक कोचिंग संस्थान के पास आवश्यक एनओसी मिलने पर उसे कार्रवाई से राहत दी गई।
प्रशासन का कहना है कि हाल के अग्निकांडों के बाद छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शहर में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों की जांच की जा रही है। इससे पहले भी प्रशासन सात कोचिंग सेंटरों को सील कर चुका है और नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि बिना फायर एनओसी या अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों के किसी भी कोचिंग संस्थान को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी संस्थानों को निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने और छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की सख्त चेतावनी दी है।
