ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक होटल के कमरे में चल रहे जुए के खेल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे 10 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 80 हजार 130 रुपये की नकदी, 208 ताश के पत्ते और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों और जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 17 अक्टूबर की रात ऋषिकेश पुलिस की टीम गुमानीवाला और श्यामपुर क्षेत्र में होटलों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम गुमानीवाला स्थित होटल सदमार्ग परिवार पहुंची। यहां होटल के रजिस्टरों का निरीक्षण करने के साथ ही कमरों की भी जांच की जा रही थी।

चेकिंग के दौरान होटल की पहली मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 102 से शोरगुल सुनाई दिया। पुलिस टीम जब कमरे में पहुंची तो वहां 10 व्यक्ति गोल घेरा बनाकर बैठे हुए थे। उनके बीच ताश के पत्ते और नकदी रखी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, कमरे में मौजूद सभी लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्र सिंह रावत (34), अभिषेक रौतेला (26), मनोज (33), संजय प्रजापति (32), कमल प्रजापति (25), अजय प्रजापति (32), शंकर प्रजापति (28), मोहित (31), ऋषि (45) और सुल्तान सिंह (53) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ऋषिकेश क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल की जा रही 2,80,130 रुपये की नकदी और 52-52 पत्तों के चार सेट बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी के दौरान 11 मोबाइल फोन भी मिले। पुलिस ने बरामद नकदी और ताश के पत्तों को नियमानुसार कब्जे में लेकर सीलबंद कर दिया है।

कोतवाली ऋषिकेश में सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए होटल चेकिंग और अन्य निगरानी अभियान जारी रहेंगे।

You missed