खटीमा। उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय विवाद और तनाव का केंद्र बन गया, जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना खटीमा के इस्लामनगर क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि निकाह की रस्मों के दौरान दहेज और मेहर की राशि को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसी दौरान दुल्हन के पिता को अचानक सीने में दर्द उठा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। उनकी मौत की खबर मिलते ही लड़की पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए।

आरोप है कि गुस्साए लोगों ने शादी में आए बारातियों को मैरिज हॉल में ही रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। हालात इतने बिगड़ गए कि कई बारातियों को अपनी जान बचाने के लिए मैरिज हॉल के पास स्थित एक मकान की छत से कूदकर भागना पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर माहौल शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।

खटीमा कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।