पिथौरागढ़। जिले में श्रमिकों और आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने श्रम विभाग के कार्यालय और श्रम जन सुविधा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में व्यवस्थाओं की कमी और श्रमिकों को हो रही परेशानियों को देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और जरूरत के अनुसार नए जन सुविधा केंद्र खोलने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि श्रम जन सुविधा केंद्र में पंजीकरण और विभागीय सेवाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन कंप्यूटर सिस्टम की संख्या सीमित होने के कारण उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस पर उन्होंने सहायक श्रम आयुक्त को तलब कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आम नागरिकों और श्रमिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने विकास भवन, नगर निगम सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर नए श्रम जन सुविधा केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों में कम से कम 10 अतिरिक्त कंप्यूटर सिस्टम लगाने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुविधाएं मिल सकें और मौजूदा केंद्र पर भीड़ का दबाव कम हो।
इस दौरान डीएम ने केंद्र में मौजूद लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने श्रमिकों के पंजीकरण, श्रम कार्ड के नवीनीकरण और विभागीय योजनाओं से संबंधित सेवाओं को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण किया जाए और लाभार्थियों को छोटी-छोटी औपचारिकताओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा।
