चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्वाला और धौन के बीच पांच लोगों को लेकर जा रही एक एक्सयूवी-300 कार अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब तीन बजे वाहन संख्या यूपी-32 एमसी 7924 टनकपुर से चंपावत की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्वाला-धौन के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद चार लोग किसी तरह खाई से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए, जबकि एक युवक वाहन से छिटककर गहरी खाई में जा गिरा।

घायलों की पहचान आशीष श्रीवास्तव (37), अंशुमान कुशवाहा (25), अमित शुक्ला (32) और विकास गिरी (30) के रूप में हुई है। चारों को हादसे में मामूली चोटें आई हैं। वहीं, अजीत कुशवाहा (27) खाई में काफी नीचे गिर गए थे। उन्हें निकालने के लिए एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सभी लोग उत्तर प्रदेश के गोंडा के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना जिला आपदा प्रबंधन कक्ष (डीसीआर) को मिलने के बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर कोतवाली चंपावत पुलिस, फायर स्टेशन चंपावत, प्रशासनिक अधिकारियों और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन खाई में एक पेड़ पर अटक गया था, जिससे वाहन में सवार अन्य लोगों की जान बच गई। यदि वाहन पेड़ पर नहीं अटकता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।