News : शादी-विवाह के सीजन के बीच छोटे और नए नोटों, विशेषकर 10 रुपये के नोटों की बंडलों की कमी ने शादी वाले घरों की परेशानी बढ़ा दी है।

पहले जहां शादी का निमंत्रण पत्र दिखाने पर बैंकों से आसानी से नए नोटों की गड्डियां मिल जाया करती थीं, वहीं अब पैरवी के बाद भी बैंक असमर्थता जता रहे हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि जो नोट बैंकों में अनुपलब्ध बताए जा रहे हैं, वही बाजार में एजेंटों और बिचौलियों के पास ऊंची कीमत पर मिल रहे हैं। बाजार में एक हजार रुपये की 10 रुपये के नोटों की गड्डी 1200 से 1300 रुपये तक में बेची जा रही है। इस कमी को लेकर लोगों में काफी रोष देखा जा रहा है।

शादी वाले परिवारों का कहना है कि शगुन और रस्मों के लिए नए नोटों की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन बैंकों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें मायूस लौटना पड़ रहा है। विवश होकर लोगों को बिचौलियों से ऊंचे दामों पर गड्डियां लेनी पड़ रही हैं।

News : कमाई का हिसाब और खड़े होते सवाल

एक आकलन के मुताबिक, यदि किसी जिले में शादी के एक सीजन में औसतन 100 शादियां होती हैं और प्रत्येक परिवार बिचौलियों से औसतन पांच गड्डियां भी लेता है, तो 300 रुपये प्रति गड्डी के अतिरिक्त शुल्क के हिसाब से एक परिवार से 1500 रुपये ज्यादा लिए जा रहे हैं। इस हिसाब से सिर्फ 100 शादियों पर ही बिचौलिए करीब 1.50 लाख रुपये तक की नाजायज कमाई कर रहे हैं।

Also Read : News : वडोदरा वायुसेना स्टेशन पर हमले की बड़ी साजिश विफल, AK-47 सहित जैश आतंकी हिरासत में