News : गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए वडोदरा से एक संदिग्ध आतंकी को दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान असम निवासी मोहम्मद सहरुल इस्लाम के रूप में हुई है।
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इसे सुरक्षा बलों की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। गुजरात एटीएस के अधिकारी ने जानकारी दी कि हिरासत में लिए गए संदिग्ध के कब्जे से एक AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस मिले हैं।
News : वायुसेना स्टेशन को निशाना बनाने का था मंसूबा
एटीएस के उप महानिरीक्षक (DIG) सुनील जोशी ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि आरोपी मोहम्मद सहरुल इस्लाम, जो असम के करीमगंज का निवासी है, वडोदरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर अकेले ही हमला करने की तैयारी में था।
अधिकारी के अनुसार, उसने वायुसेना स्टेशन की निगरानी (रेकी) की थी और मोबाइल कैमरे से फोटो भी खींची थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसे सीमा पार पाकिस्तान में मौजूद एक हैंडलर से दिशा-निर्देश मिल रहे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद वह पाकिस्तान भागने की योजना बना रहा था।
News : गुजरात एटीएस ने संदिग्ध को दबोचा
गुजरात एटीएस को अवैध हथियारों की खेप को लेकर ठोस सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर एटीएस की टीम ने बीते दिन रात लगभग 9 बजे जरोद बस स्टैंड के पास गुप्त निगरानी शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति एक पब्लिक बस के जरिए जरोद पहुंचा। बस से उतरते ही वहां पहले से मौजूद एटीएस टीम ने उसे धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से राइफल और कारतूस जब्त किए गए।
News : एटीएस की तफ्तीश में अहम बातें सामने आईं
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि हिरासत में लिया गया युवक असम का रहने वाला है। एटीएस की टीम उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ये हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें किसे सौंपा जाना था और इसके पीछे कोई व्यापक षड्यंत्र तो नहीं है।
पुलिस अधिकारी यह भी पड़ताल कर रहे हैं कि इस हथियार सप्लाई नेटवर्क में कोई स्थानीय मददगार या बाहरी तत्व तो सक्रिय नहीं है। जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी के तार जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं।
Also Read : News : देहरादून को जाम से मिलेगी राहत, 5.36 करोड़ की लागत से बनेगा दो लेन का पुल
