देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अपने परिवार के साथ जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसी भी राज्य के भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के माध्यम से सरकार को प्रदेश की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक परिस्थितियों और लोगों की आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलती है। इसके आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनाओं की प्राथमिकताएं तय की जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे भौगोलिक रूप से विषम परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़े जुटाना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय जरूरतों की सही जानकारी होना आवश्यक है। इससे सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा से नागरिक घर बैठे अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने के साथ ही आंकड़ों के संकलन में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने प्रदेशवासियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना पूरी करने और घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार की भागीदारी से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी।

16 से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया

उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर डिजिटल स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना और दर्ज जानकारियों का सत्यापन करेंगे।