Dehradun : राजधानी में साइबर अपराधियों का जाल तेजी से फैलता जा रहा है, जिससे डिजिटल बैंकिंग का उपयोग करने वाले आम नागरिक लगातार उनके निशाने पर आ रहे हैं। ताज़ा मामलों में ठगों ने दो अलग-अलग लोगों के बैंक खातों से कुल 4,05,000 रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर वसंत विहार और राजपुर थानों की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

पहली घटना में, विजय पार्क (बल्लूपुर रोड) के रहने वाले 64 वर्षीय जसपाल सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका खाता इंडियन ओवरसीज बैंक में है। बीते पांच नवंबर को किसी शातिर ने उनके खाते में सेंध लगाते हुए धोखाधड़ी के जरिए 1.31 लाख रुपये अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए।

पीड़ित के अनुसार, इस ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की भनक उन्हें शुरुआत में नहीं लग पाई। जब उन्हें खाते से पैसे कटने का पता चला, तो उन्होंने तुरंत साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की, जिसके बाद बसंत विहार थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

वहीं, दूसरे मामले में सहस्रधारा रोड निवासी चंद्र प्रकाश शर्मा ने राजपुर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि वह डिजिटल पेमेंट के लिए पेटीएम ऐप का प्रयोग करते हैं।

ऑनलाइन भुगतान में किसी तरह की दिक्कत आने पर वह 27 सितंबर को बैंक गए थे, जहां बैंक रिकॉर्ड देखने पर मालूम हुआ कि 19 सितंबर को उनके तीनों खातों से कुल 2.73 लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित का दावा है कि यह सभी लेन-देन उनकी बिना जानकारी और सहमति के किए गए हैं।

Also Read : News : कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ शेयर करने पर देहरादून में FIR दर्ज